आयुष सोमण । मुंबई। 12:30
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। असम, सिक्किम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा जैसे राज्यों में हालात बेहद खराब हैं। अब तक इस आपदा में करीब 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर के राज्यों में पहुंच गया और इसके प्रभाव से इन राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। मानसून की इस पहली बरसात में ही पूर्वोत्तर के राज्यों में हाहाकार मचा है। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम समेत लगभग सभी राज्यों में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची है।राज्य में प्राकृतिक आपदा से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों लोग बेघर हो गए हैं और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
मणिपुर की राजधानी इंफाल जलमग्न हो गई है। यहां करीब 3500 लोग प्रभावित हुए हैं और 880 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सिक्किम में नदियां उफान पर हैं और लगभग 1500 पर्यटक अलग-अलग स्थानों पर फंसे हुए हैं।
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में केवल 3 घंटे में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे शहर में जलभराव हो गया। अरुणाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड के कारण आवाजाही बाधित है। नागालैंड में भी कोहिमा-माओ मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 की सड़क धंस गई है, जिससे संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने प्रभावित राज्यों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। भारतीय सेना और एयरफोर्स राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और आवश्यक राहत सामग्री मुहैया कराई जा रही है।



